मिर्जापुर गांव में पंजाब से मंगाए गए चिप्स मांगने पर दो रिश्तेदारों में विवाद हो गया। इसके बाद ममेरे चाचा ने दिनदहाड़े युवक को गोली मार दी। युवक ने कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। इस दौरान चाकू चले और पथराव में युवक की मां और बहन भी घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिकल कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर के मोहम्मद वली का भाई कल्लू पंजाब में रहता है। उसने अपने ममेरे भाई जाहिद आलम से परिवार के लिए चिप्स भेजे थे। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे वली मोहम्मद ने अपने छोटे बेटे को चिप्स लेने ममेरे भाई के घर भेजा था। इसको लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन दोपहर दो बजे करीब विवाद बढ़ गया। वली मोहम्मद ने बताया कि उसका 22 वर्षीय बेटा शाहिद पिछले कई वर्षों से दिल्ली में सिलाई का काम करता है।
ईद पर घर आया था। दोपहर करीब दो बजे जब शाहिद दिल्ली जाने के लिए घर से निकल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान ममेरे भाई और उसके परिवार वालों ने घेरकर पथराव और फायरिंग कर दी। इससे शाहिद को माथे पर गोली लगी और उसकी मौत हो गई। चाकूबाजी में 22 वर्षीय युवक शाहिद पुत्र वली मोहम्मद को गोली मार दी। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। एहतियातन युवक को अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं चाकू और पथराव से शाहिद की मां भूरी और बहन सोनी बी घायल हो गईं। घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी गई है। इस बीच घटना से पूरे गांव में सनसनी मच गई। अस्पताल में भी ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
पिता वली मोहम्मद और मां भूरी का रो-रोकर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष प्रवीन सोलंकी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर जाहिद आलम, जावेद व इमरान पुत्रगण हामिद खां तथा हामिद खां पुत्र एवज खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।