चंदौसी। पांच दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुलडेहरा रोड निवासी मोनू ठाकुर ( 30 ) की हुई मौत के मामले मृतक के भाई की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ जहर देकर हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गुलडेहरा रोड निवासी मोनू ठाकुर गुमथल चौराहे पर ऑनलाइन पार्सल डिलीवर एजेंसी में टीम लीडर के पद पर कार्य करता था। शुक्रवार की शाम चार बजे मोनू के मोबाइल पर किसी की कॉल आयी थी।
इसके बाद वह एजेंसी से चला गया था और रात साढ़े आठ बजे करीब कुछ युवक उसे बेहोशी की हालत में छोड़ गए थे। मोनू के चेहरे पर चोट के निशान थे। अस्पताल में मोनू की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
इस मामले में मृतक के भाई मोहल्ला गणेश कालोनी निवासी सोनू सिंह की ओर से तीन लोगों के खिलाफ जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में हीलाहवाली करती रही।
बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस ने सोनू सिंह की तहरीर के आधार पर सतेंद्र निवासी ग्राम अमियापुर पचाक थाना बनियाठेर, देशराज निवासी ग्राम गुमथल थाना बनियाठेर और कौशल निवासी बिलारी, थाना बिलारी जिला मुरादाबाद के खिलाफ जहर देकर हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।