चंदौसी (संभल)। प्रशासन और पालिका की टीम ने शुक्रवार को नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कई जगह टीम को व्यापारियों व अन्य लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। बदायूं चुंगी पर मकान का छज्जा तोड़ने पर ईओ से अधिवक्ता की नोकझोंक हो गई। हालांकि चेतावनी के बाद शांत हो गए।
शुक्रवार की सुबह डिप्टी कलक्टर एवं ईओ विनय मिश्रा, एसडीएम नीतू रानी, सीओ संभल अनुज मलिक भारी पुलिस फोर्स के साथ जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचे। सबसे पहले टीम बदायूं चुंगी पहुंची। यहां स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाया। लोगों ने नाले पर स्लैब डालकर और स्थायी निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया था। जिसे जेसीबी से तोड़ दिया गया। ऐसे में टीम को कई जगह विरोध भी झेलना पड़ा, लेकिन पुलिस फोर्स की वजह से लोगों ने शांत रहने में भलाई समझी। इस दौरान बदायूं चुंगी पर एक अधिवक्ता से उनके मकान के छज्जे को तोड़े जाने पर ईओ विनय मिश्रा से नोकझोंक हुई। कार्रवाई की चेतावनी के बाद अधिवक्ता चले गए। टीम ने बदायूं चुंगी से लेकर तहसील रोड तक अतिक्रमण हटवाया।
राज्यमंत्री से मिले व्यापारी, परेशान करने का लगाया आरोप
नगर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। लोगों से लाउडस्पीकर के माध्यम से अतिक्रमण को हटाने की अपील की जा रही थी। शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाना शुरू किया तो व्यापारी विरोध में आ गए। प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया। गुस्साए व्यापारी एकत्र होकर राज्यमंत्री गुलाब देवी के आवास पर पहुंच गए। कहा कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने के नाम पर मनमानी कर रहा है। वर्षों पुरानी दुकानों को अतिक्रमण के नाम पर तोड़ा जा रहा है। राज्यमंत्री ने फोन कर डीएम को व्यापारियों की समस्या से अवगत कराया। साथ ही व्यापारियों को डीएम से वार्ता के लिए भेजा, ताकि कोई निष्कर्ष निकल से। इस दौरान सुधीर मेहरोत्रा, अंकुर अग्रवाल, सतीश अरोरा, मोनू खुराना, पंकज कुमार, विवेक कुमार, अमन कोली आदि रहे।
मकान का छज्जा तोड़ने पर दिया नोटिस
बदायूं चुंगी निवासी तीरथ किशोर चतुर्वेदी ने ईओ विनय मिश्रा को नोटिस दिया है। जिसमें अधिवक्ता ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर उनके मकान का छज्जा को तोड़ दिया। जबकि वह अतिक्रमण के दायरे में नहीं है। साथ ही कहा कि उन्हें इस संबंध में पूर्व में कोई नोटिस भी नहीं दिया गया। कहा कि वह स्वयं अतिक्रमण के खिलाफ उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर चुके हैं। जिसमें जनपद के राज्यमार्ग 43 पर सड़क के दोनों ओर बराबर-बराबर दूरी करीब 60 फीट तक चौड़ीकरण की मांग की गई है। जबकि उनका मकान सड़क से 80 फीट की दूरी पर बना है।
वर्जन
पूर्व में लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराकर अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों से अपील की गई। साथ ही अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई। इसी के तहत अतिक्रमण हटवाया गया है। आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। -विनय मिश्रा, डिप्टी कलक्टर, प्रभारी ईओ