फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो विभाग आमने-सामने: EO चंदौसी के घर की काटी बिजली, पालिका ने भेजा इतने करोड़ का नोटिस; कूड़ा डाल सड़क की जाम

Sat, 13 Jan 2024 10:13 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, संभल

सार

बिजली विभाग ने बताया कि दो लाख का बिल बकाया है। पालिका ने 4.17 करोड़ के बकाए का नोटिस भेजा है। ईओ की बिजली कटाने पर पालिका ने हाईड्रिल कॉलोनी की सड़क पर कूड़ा डाला। 
विज्ञापन
कूड़ा डाल सड़क की जाम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिजली विभाग ने बकाया बिल जमा न करने पर ईओ चंदौसी के आवास की बिजली काट दी। जवाब में नाराज पालिका प्रशासन ने हाईड्रिल कॉलोनी की मुख्य सड़क पर कूड़ा डलवा दिया। दोनों विभागों की लड़ाई में गीता नगर कॉलोनी व हाइडि्रल कॉलोनी के लोग परेशान हो गए। कूड़ा डालने पर आनन फानन में ईओ आवास का कनेक्शन जोड़ दिया गया। अब पालिका ने 4.17 करोड़ रुपये का बकाया जमा कराने के लिए बिजली विभाग को नोटिस जारी किया है।

विज्ञापन


चंदौसी पालिका के अधिशासी अधिकारी के आवास पर बिजली विभाग का 2.16 लाख रुपये का बिल बकाया है। विभाग के अनुसार कई बार नोटिस देने के बाद भी बिल जमा नहीं किया गया। शुक्रवार की शाम बिजली विभाग की टीम ने बकाया बिल जमा नहीं करने पर ईओ के आवास का कनेक्शन काट दिया। जिससे नाराज पालिका प्रशासन ने शनिवार सुबह हाईड्रिल कॉलोनी की मुख्य सड़क पर कूड़ा डलवा दिया। 

सुबह सात बजे करीब हाईड्रिल स्थित गीता नगर कॉलोनी के लोग जागे और सड़क पर कूड़ा पड़ा देख चौंक गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच पालिका के कर्मचारी कूड़े की एक और ट्रॉली लेकर सड़क पर पलटने पहुंच गए। लोगों ने वहां कूड़ा फेंकने से पहले ही उन्हें रोक दिया। इसके बाद अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। बिजली विभाग ने अधिकारियों ने ईओ से बातकर आवास का कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद ईओ ने कर्मचारियों को सड़क से कूड़ा हटवाने के लिए भेज दिया।
विज्ञापन


ईओ आवास पर 2.16 लाख रुपये बिजली बिल का बकाया है। बिल जमा नहीं करने पर शुक्रवार को उनके आवास का कनेक्शन काट दिया था। हालांकि एक घंटे बाद ही कनेक्शन जोड़ दिया गया। इसके बावजूद पालिका कर्मचारियों ने हाईड्रिल कॉलोनी की मुख्य सड़क पर कूड़ा फेंक दिया। - अजय कुमार शुक्ला, एसडीओ शहर।

बिजली विभाग ने पालिका के सभी कनेक्शन काट दिए थे। उन्होंने पहले न तो कोई नोटिस दिया और न ही जानकारी दी। हमारा एक ही तिमाही का बिल बकाया था। हमने कूड़ा नहीं डलवाया है। हो सकता है कि किसी ट्रैक्टर ट्राली में कोई खराबी आ गई और उसे ही कराने के लिए कूड़ा पलटना पड़ गया होगा। उसे हटवाया जा रहा है। हमने बिजली विभाग का अपना बकाया जमा करने के लिए नोटिस जारी किया है।- आरके भार्गव, ईओ नगर पालिका चंदौसी।

कूड़े की वजह से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। पालिका को कूड़ा फेंकना था तो हाईड्रिल परिसर में फेंकते। इस तरह आम रास्ते में कूड़ा फेंकना गलत है। कूड़े की वजह से आते जाते दिक्कत हो रही है। -रामप्रसाद, गीतानगर कॉलोनी

जिस रास्ते पर कूड़ा फेंका गया है, वह बिजली विभाग के अलावा गीतानगर कॉलोनी के लोगों का है। इस तरह का कृत्य शर्मनाक है। दोनों विभागों को आपस में निपटना चाहिए। आमजन को परेशानी पहुंचाना गलत है।-कुंवरपाल, गीतानगर कॉलोनी।

4.17 करोड़ रुपये का बिजली विभाग पर बकाया
ईओ के आवास पर बिजली कनेक्शन काटने पर पालिका की ओर से अब बिजली विभाग को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में बिजली विभाग के बकाया 4.17 करोड़ रुपये में जमा कराने को कहा गया। नोटिस में बताया कि बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर पालिका की जमीन में लगे हैं। इनका करीब 1.44 करोड़ रुपये का किराया बकाया है।
विज्ञापन

बिजली विभाग के कार्यालय, बिजलीघर की जमीन का गृहकर व जलकर का 2.44 करोड़ रुपये का बकाया है। विभाग की ओर से पहले कई बार नोटिस जारी किए गए। पर बकाया जमा नहीं किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें