डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क
सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य राम मंदिर को लेकर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर जारी हो रहे एक बयान में डॉ. बर्क यह कहते नजर आ रहे हैं कि भाजपा सत्ता पर काबिज है वह अपनी मनमर्जी कर रही है। पहले बाबरी मस्जिद को शहीद किया गया और अब वहीं पर मंदिर बनाया जा रहा है, जो गैरकानूनी है।
डॉ. बर्क ने कहा कि मुल्क के अंदर इंसानियत के खिलाफ काम हुआ है जो कानून के भी खिलाफ है। ऐसा करना दुनिया की रवादारी के भी खिलाफ है। उनका कहना है कि ताकत के बल पर किसी धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाना गलत है। अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने इससे पहले कहा था कि नए संसद भवन में नमाज के लिए अलग से कक्ष होना चाहिए था।
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। सांसद ने यह बयान नए संसद भवन में प्रवेश से अगले दिन दिल्ली में दिया। इसमें वह कह रहे हैं कि पुराने भवन में नमाज पढ़ने की जगह नहीं थी। अब नया भवन बना है तो इसमें एक जगह निर्धारित कर दी जाए। जो मुस्लिम सांसद हैं उनको बार बार उठकर बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
वह कक्ष में ही नमाज अदा कर लेंगे। इससे पहले उन्होंने कहा था कि हिंदुस्तान में अच्छे हालात पैदा करने की कोशिश नहीं की जा रही है। समान नागरिक संहिता जैसे मामले छेड़ने से कोई लाभ नहीं होगा। सभी धर्म के तौर तरीके अपने हैं। इसको लागू नहीं होना चाहिए।
भूखमरी और बेरोजगारी पर सरकार ने काम नहीं किया। अब लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी है, इसलिए इस तरह के मुद्दे लाए जा रहे हैं। सांसद बर्क ने अपील करते हुए कहा कि इसको लागू नहीं किया जाए। यदि यह लागू किया गया तो इससे देश के हालात खराब होंगे।