गवां। गवां-हसनपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात आठ बजे के करीब दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव लहरारतु निवासी बिजेंद्र (24)और मोनू (20) के साथ बाइक से हसनपुर की ओर से गवां आ रहे थे। जैसे ही दोनों सिरसा गांव की सीमा से आगे निकले, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। मोनू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मोनू को सीएचसी रजपुरा में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसकी हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक बिजेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार के ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि बिजेंद्र चार बहनों का इकलौता भाई था। कुछ समय पहले ही बीमारी के चलते उसकी मां का निधन हो गया था। घर का इकलौता चिराग बुझने से चार बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बहनें भाई का शव देखकर बेसुध हो गईं। मृतक मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था।
सीओ अंकित मिश्रा ने बताया सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है दूसरा घायल है।घायल का उपचार कराया जा रहा रहा।मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।अज्ञात वाहन की तलाश को रजपुरा पुलिस के लिए निर्देश दिए है।