संभल में बवाल में शामिल लोगों के प्रशासन ने पोस्टर जारी किए। स्रोत : पुलिस
- फोटो : संभल
संभल। हिंसा के तीन दिन बाद बुधवार को पुलिस की ओर से जारी किए गए पोस्टरों में अधिकतर उपद्रवी 20 से 30 साल की उम्र के हैं। जारी तस्वीरों में उपद्रवियों के हाथ में ईंट-पत्थर और हथियार दिख रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो वीडियो और फुटेज मिले हैं उनमें नाबालिग और महिलाएं भी शामिल हैं। हालांकि, पुलिस ने महिलाओं और नाबालिगों के पोस्टर जारी नहीं किए हैं।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जितने वीडियो अभी तक सामने आए हैं, उसमें भीड़ को कोई रोकने या समझाने का प्रयास नहीं कर रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि जो भी आया वह भीड़ का हिस्सा बन गया और उपद्रव में शामिल हो गया। बवाल करने वालों में ज्यादातर 20 से 30 साल के युवा हैं। वीडियो में नाबालिग और महिलाएं भी पथराव करती दिख रही हैं। यह वीडियो कई तरह के सवाल उठा रहे हैं।
भीड़ जामा मस्जिद के पीछे से ही क्यों पहुंची। उपद्रवियों के पास तमंचे कहां से आए। इस बात की भी जांच की जा रही है कि जामा मस्जिद के पास से भागे उपद्रवियों ने ही नखासा तिराहे पर पहुंचकर पथराव किया। एक वीडियो में युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर तमंचे से फायरिंग करता भी दिख रहा है। तमंचे का रुख सामने की ओर है।
उपद्रव में बिजली विभाग को दो लाख का नुकसान, दर्ज कराएगा रिपोर्ट
उपद्रव के दाैरान जामा मस्जिद के पास तार जलने से बिजली विभाग को भी नुकसान हुआ है। बिजली विभाग ने अपने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसमें दो लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही गई है। एसडीओ शहर संतोष त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को उपद्रवियों ने जब वाहनों में आग लगाई तो आग बिजली के तारों तक पहुंच गई। जिससे काफी तार जल गए। बुधवार को हुए आकलन में दो लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। कोतवाली में उपद्रवियों के खिलाफ तहरीर देकर सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उपद्रवियों के खिलाफ पहले ही सात मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं।