संभल। निवास प्रमाण पत्र आम आदमी की जरूरत है। इसे बनवाने के लिए सरकार ने 20 रुपये की फीस निर्धारित की है पर जन सेवा केंद्र में इसके बदले 200 रुपये लिए जा रहे हैं। आधार कार्ड बनवाने के लिए 50 रुपये के स्थान पर 100 रुपये वसूले जा रहे हैं। अधिकारी जान बूझकर समस्या से बेखबर बने हुए हैं।
भवानीपुर स्थित एक जनसेवा केंद्र पर आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करने और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बुधवार को भीड़ लगी थी। अधिक दाम वसूले जाने की शिकायत लोगों ने की है।
आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र के बदले में 300-300 रुपये की वसूली की गई है जब इस बारे में जन सेवा केंद्र के संचालक से पूछा गया तो उनका कहना था कि आधार कार्ड के 100 रुपये और निवास प्रमाण पत्र के 200 रुपये केवल उनके यहां नहीं बल्कि दूसरे स्थानों पर भी लिए जा रहे हैं।
आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर में त्रुटि होने की वजह से डाकघरों में लग रही भीड़
संभल के भवानीपुर स्थित जनसेवा केंद्र और सिरसी के डाकघर में आधार कार्ड बनवाने के लिए बुधवार की सुबह से ही भीड़ लग गई। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हुआ।
भवानीपुर में आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर में त्रुटि होने की वजह से लोगों की भीड़ अधिक थी। जनसेवा केंद्र के संचालक ने बताया कि जब आधार कार्ड बनवाया तब मोबाइल नंबर दूसरा था अब बदल गया। ऐसे लोगों को अपना नया नंबर दर्ज कराना है। दूसरा कुछ लोगों के जन्म तिथि, नाम और पते में त्रुटि है।
पते की त्रुटि दूर कराने के लिए निवास प्रमाण पत्र चाहिए और नाम की त्रुटि दूर करने के लिए आधार कार्ड की जरूरत होती है। इसलिए जब भी जनसेवा केंद्र या डाकघर जाएं तो अपने नाम पते से संबंधित आधार कार्ड या पहचान पत्र लेकर जाएं। साथ ही जन्म तिथि में अगर बदलाव कराना है तो पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या फिर हाईस्कूल की मार्कशीट लेकर जाना होगा। तभी परिवर्तन की फीडिंग ऑनलाइन हो सकेगी।