चंदौसी। आधार कार्ड बनवाते अथवा संशोधित कराते समय स्थायी मोबाइल नंबर और सही तथ्य ही दर्ज कराएं। वर्तमान में बैंकों पर आधार कार्ड की लाइन में लगी भीड़ में करीब 70 फीसदी वे छात्र व अन्य लोग हैं, जिन्होंने आधार में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया है।
अब छात्रवृत्ति व अन्य कार्यों में आधार की आवश्यकता पड़ी, तो ओटीपी के लिए मोबाइल नंबर संशोधन कराना पड़ रहा है। आधार में तथ्य गलत होने अथवा मोबाइल नंबर बदल जाने से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
चंदौसी नगर के मुख्य डाकघर एवं चार बैंक शाखाओं में आधार कार्ड बनवाने की सुविधा है। गुरुवार को संभल गेट स्थित प्रथमा बैंक शाखा में छात्रों की भीड़ लगी थी। लाइन में करीब 100 से अधिक छात्राएं व छात्र शामिल थे। इनमें शामिल नरगिस, भगवती, सोनम, सुनीता, अर्चना, सायमा, गुंजन, रिंकी, शिवांगी, प्रीति, किरन ने बताया कि उन्हें छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करना है।
उन्हें आधार कार्ड में मोबाइल नंबर का संशोधन कराना है। आधार कार्ड बनवाते समय मोबाइल नंबर दर्ज कराया था, वह बदल चुका है। छात्रवृत्ति के लिए आधार में दर्ज मोबाइल नंबर पर ओटीपी नंबर आएगा, इसके लिए मोबाइल नंबर संशोधित कराना पड़ रहा है। गुरुवार को बैंक में करीब 210 छात्राएं व अन्य लोग आए थे, उन्हें दस नवंबर तक के टोकन बांटे गए हैं।