मढ़न (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र में रतनपुर कलां-गुमसानी मार्ग पर गांव भैंसोड़ा में तेज रफ्तार कार चालक ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में भैंसोड़ा गांव निवासी राजमिस्त्री रामप्रसाद (54) की मौके पर मौत हो गई। आरोप है कि सूचना देने के 45 मिनट बाद पुलिस पहुंची। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम भेजा।
भैंसोड़ा निवासी रामप्रसाद (54) राजमिस्त्री थे। सोमवार की सुबह वह काम करने के लिए मोपेड से मुरादाबाद जा रहे थे। रतनपुर कलां से गुमसानी मार्ग पर भैंसोड़ा के चौराहे पर पहुंचने पर उनकी मोपेड में रतनपुर कलां की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में रामप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य बाइक सवार मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद पुलिस पहुंची। तब तक शव सड़क पर पड़ा रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।