संभल। 25 नवंबर से जब भी सदन चला, हमने संभल में हुए बवाल की शिकायत दर्ज कराई है। सरकार को शिकायत सुनकर पीड़ितों को न्याय दिलाना होगा। हम तब तक आवाज उठाते रहेंगे जब तक सरकार शिकायत का समाधान न कर दे। यह कहना है संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का।
उन्होंने बताया कि संभल में बवाल के दौरान जिन पांच लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। इसलिए ही सदन में सपा के सभी सांसद लगातार आवाज उठा रहे हैं। कई बाद सदन भी स्थगित हो गया है। सोमवार को भी सदन नहीं चल सका। जनता भी देख रही कि सरकार किस तरह से पुलिस प्रशासन का बचाव करने में लगी है। जिनकी जान गई है, उनके परिवार के दर्द को सरकार समझने को तैयार नहीं है। सांसद ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव के समय तो मुस्लिम हितैषी बनते हैं और अब जिनकी जान गई है, उनको गुंडा बता रहे हैं। प्रदेश के जिम्मेदार लोग इस नफरत की राजनीति को समझ रहे हैं और वह समय पर इसका जवाब भी देंगे।