धनारी। गांव मानकपुर की मढैया निवासी श्रीवती (27) की सोमवार सुबह दस बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव कमरे में लगे कुंडे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव मानकपुर की मढ़ैया निवासी धर्मपाल ने बताया कि सोमवार सुबह दस बजे करीब वह अपने बच्चों को दवा दिलाने धनारी कस्बा गया था। जब वहां से लौटा तो उसकी पत्नी श्रीवती का शव कमरे की छत में लगे कुंडे पर साड़ी के फंदे पर लटका था। उसने अपने परिजनों को सूचना दी। लोगों की मदद से शव को फंदे से उतारा गया। चिकित्सक के पास महिला को उपचार के लिए ले जाते उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर आए मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को अकेला छोड़ गई।
प्रभारी निरीक्षक बाबू राम गौतम ने बताया कि मृतका के पिता की तरफ से तहरीर मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।