गुन्नौर। थाना क्षेत्र के गांव गजादरपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति को हिरासत में लिया गया है, जबकि ससुराल पक्ष के अन्य लोग फरार हैं।
रजपुरा थाना क्षेत्र के जमालपुर डांडा निवासी ज्वाली सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी उर्मिला (25) की शादी चार वर्ष पहले गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव गजादरपुर निवासी राकेश के साथ की थी। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल में उर्मिला को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इतना ही नहीं पति राकेश रोजाना शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। दस दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों का समझौता करा दिया। ज्वाली सिंह ने बताया कि उर्मिला की मौत की सूचना शुक्रवार रात उनको परिचितों द्वारा मिली। इसके बाद सभी लोग गजादरपुर पहुंचे तो ससुराल वाले मौके से गायब थे। पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उर्मिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति राकेश, ससुर चंद्रपाल, जेठ रामगोपाल, जेठानी नीतू और देवर नेकपाल के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वर्जन-
- विवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। विवाहिता के पिता ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मृतका के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति को हिरासत में ले लिया गया है।
-वीपी सिंह पूनिया, प्रभारी निरीक्षक गुन्नौर