संभल। मंडी समिति में गेहूं की तौल के लिए किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों की शिकायत है कि तमाम कोशिशों के बाद भी उनके गेहूं की तौल नहीं हो पा रही है। जबकि बिचौलियों के माल की तौल हो रही है। ऐसी शिकायतें सामने आईं तो एसडीएम निरीक्षण के लिए मंडी समिति पहुंच गए। संदिग्ध तौल देख एसडीएम ने तौल करा रहे एक व्यक्ति को हिरासत में दिलवा दिया।
सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे मंडी समिति में उस समय हड़कंप मच गया जब उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव निरीक्षण के लिए मंडी पहुंचे। एसडीएम ने क्रय केंद्र प्रभारियों और किसानों के मध्य वार्ता की। किसानों ने बताया कि तौल की तिथि पर क्रय केंद्र प्रभारी हमें टोकन नहीं दे रहे हैं, जबकि बिचौलियों की खूब तौल हो रही है।
किसानों की यह बात सुन उप जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र प्रभारियों से जानकारी लेने की कोशिश की तो सब बगले झांकने लगे, जिस पर उप जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की और आगे से इस तरह की शिकायतें मिलने पर जेल भेजने की चेतावनी दी। वहीं एक केंद्र पर संदिग्ध रूप से तौल देख एसडीएम ने तौल करा रहे एक व्यक्ति को हिरासत में दिलवा दिया। साथ ही जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात प्रशासन ने कही है।