बहजोई (संभल)। ऑल यूपी चैलेंज कप में लखनऊ क्रिकेट क्लब ने अलीगढ़ हमजा क्रिकेट एकेडमी टीम को 86 रन से हराकर जीत हासिल की। इस बीच बड़ा मैदान पर क्रिकेट देखने वाले दर्शकों की खासी भीड़ रही।
मंगलवार को बड़ा मैदान पर स्वर्गीय कुलदीप कुमार टीटू मेमोरियल ऑल यूपी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट के आठवें लीग मैच में लखनऊ का अलीगढ़ के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। लखनऊ के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 168 रन का बनाकर अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। लखनऊ की ओर से खिलाड़ी सत्यम पांडे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए 53 रन तथा गौरव ने 57 रन जोड़े।
दूसरी पारी में मैदान पर खेलने उतरी अलीगढ़ की क्रिकेट टीम ने 19.5 ओवर में कुल 84 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लखनऊ की टीम ने अलीगढ़ को 86 रन से हराकर जीत हासिल की। लखनऊ की ओर से एक विकेट लेकर 53 रन बनाने वाले सत्यम पांडेय मैन ऑफ द मैच घोषित किए गए। अंपायर जयदीप उस्ताद व राजू गिरि रहे। कमेंट्री सुशील कुमार शर्मा ने की। स्कोरिंग राजू शर्मा व ललित मोहन शर्मा ने की। आयोजकों में नवदीप कुमार बंटी, पुष्पेंद्र सिंह, चंद्रपाल, लईक अहमद, अय्यूब, नईम, मंगल, नवाजिश, छोटू व शंकर लाल शर्मा क्रांतिवीर का सहयोग रहा।