बहजोई थाना क्षेत्र के देहरी सिंकदरपुर मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक सवार दंपति को रोक लिया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने दंपति को मारपीट कर घायल कर दिया।
इसके बाद 20 हजार रुपये, मोबाइल, जेवर समेत एक लाख रुपये का सामान लूट लिया। बाद में शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना के एक घंटे बाद बहजोई व हयातनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव नगलिया निवासी राधेश्याम अपनी पत्नी अनीता के साथ फुफेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए गांव करछली जा रहा था। जैसे ही वह देहरी सिंकदरपुर मार्ग पर पहुंचा तो पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपति की बाइक को रोक लिया।
बाइक रुकते ही बदमाशों ने अनीता के साथ लूटपाट करनी शुरू कर दी। बदमाशों ने अनीता से लगभग एक लाख रुपये सोने चांदी के जेवर और राधेश्याम की जेब में रखे 20 हजार व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाश राधेश्याम का गला दबाने लगे और अनीता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे वह दोनों घायल हो गए।
बाद में बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना के बाद खेतों से आए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना देने के बाद भी एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।