राज्य बिजली बोर्ड ने प्रदेश विद्युत नियामक आयोग को 33 फीसदी तक दरें बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा है।
हसनपुर मार्ग पर ट्रक की टक्कर से हाईटेंशन लाइन खंभा टूट गया। इसमें ट्रक के पीछे चल रही कार पर हाईटेंशन लाइन के तीनों तार गिर गए। गनीमत रही कि, कार सवार चारों लोगों ने खुद को सीट पर समेट लिया।
लगभग पांच मिनट तक पूरी कार में करेंट दौड़ता रहा। लोगों की सूचना पर बिजली सप्लाई बंद की गई तो कार सवार लोग बाहर आए। इस दौरान यातायात भी प्रभावित हुआ।
जनपद अमरोहा निवासी राहत अली बुधवार रात 11.00 बजे कार से परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वह संभल-हसनपुर मार्ग पर मोहल्ला फत्तेहउल्ला सराय में पहुंचे तो कार के आगे चल रहे ट्रक ने बिजली के खंभे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही खंभा टूट कर गिर गया।
ट्रक तो आगे निकल गया लेकिन कार पर हाईटेंशन लाइन के तीनों तार गिर गए। उस समय बिजली आ रही थी। इससे कार में करेंट दौड़ने लगा। इस बीच राहत अली को करेंट का झटका लगा तो उन्होंने सबको सतर्क कर दिया। कार में सवार लोग समझदारी दिखाते हुए सीटों पर खुद को समेट लिए।
पांच मिनट तक कार में करेंट दौड़ता रहा। इसबीच वहां मौजूद लोगों ने फोन कर बिजली विभाग को सूचना दी और बिजली आपूर्ति बंद की गई। इसके बाद कार पर सवार लोग बाहर आए। आरोप यह भी है कि सूचना देने के आधा घंटे बाद भी विद्युत कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।
जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। मोहल्ले के लोगों ने सड़क पर पड़े खंभे को हटाया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। एक साइड से कुछ वाहन ही निकल पा रहे थे।