फूल सिंहा मतें रास्ता खराब होने के कारण करीब दो घंटे तक ताजिया रुका रहा। जिले में कड़ी सुरक्षा और चौकसी के बीच 578 स्थानों पर छोटे बड़े ताजिए निकाले गए। संभल में डीएम-एसपी खुद डेरा डाले रहे, जबकि अन्य स्थानों पर एसडीएम और सीओ ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
कहीं रास्ते का विवाद था तो कहीं रास्ता खराब था। ताजिए की उंचाईं को लेकर भी एक दो स्थानों पर मामूली विवाद उभरा जिसे सुलझा लिया गया। संभल तहसील के गांव फूलसिंघा में खराब रास्ते की ट्रैक्टर ट्राली फंस गई। इससे ट्राली में रखा ताजिया रुक गया। दो घंटे तक जुलूस रुका रहा। इस दौरान लोगों ने रास्ता खराब होने को लेकर पर रोष व्यक्त किया। तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उनसे कहा कि अगर चेहल्लुम तक रास्ता ठीक नहीं हो सका तो वह आंदोलन करेंगे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार अरविंद तिवारी ने समझा-बुझाकर निकलवाया जुलूस।
असमोली थाना क्षेत्र के शहबाजपुरकला में तलवार गांव के मोहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। गांव में यह जुलूस उस समय रुक गया जब एक मकान का छज्जा रास्ते में पड़ा। इसके चलते ताजिए को झुकाना पड़ रहा था। ताजियेदारों ने ताजिया झुकाने से मनाकर दिया। छज्जा तोड़ने की मांग हुई और करीब दो घंटे तक ताजिया रुका रहा। बताते हैं कि यहां सड़क ऊंची होने से दिक्कत आई है। इस मामले में पुलिस ने समझा-बुझाकर ताजिया निकलवा दिया है।
गांव के ताजियेदारों ने बताया कि अच्छा होता यदि पहले मार्ग बदलवा दिया जाता तो यह नौबत न आती। मनोटा गांव में रास्ता खराब होेने की वजह से ताजिएदारों को दिक्कत आई। आधा घंटे तक ताजिया आगे नहीं बढ़ सका। इस दौरान आपसी खींचतान भी हुई।
पुलिस को किसी ने मारपीट हो जाने की सूचना दे दी लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती तब तक ताजियेदारों ने आपसी समझदारी से ही ताजिया आगे बढ़ा दिया गया। संभल के हसनपुर रोड स्थित कर्बला में गंदा पानी भर जाने से आक्रोशित ताजिएदारों ने सड़क पर ताजिए रख दिए और इससे जाम की नौबत बन गई। संभल हसनपुर मार्ग पर आधा घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। कर्बला मैदान में लगने वाले मेले के प्रबंधक ने ताजियेदारों को समझा कर ताजिये आगे बढ़ाए।