गुन्नौर। लखनऊ में हुए लाइब्रेरी अग्निकांड के दृष्टिगत एसडीएम गुन्नौर विकास चंद्र, सीओ गुन्नौर अंकित मिश्रा एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न लाइब्रेरी एवं प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किय।
निरीक्षण के दौरान उमेश लाइब्रेरी, कैरियर लाइब्रेरी, बृजेश लाइब्रेरी तथा सिंघल होटल की व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया गया। एसडीएम ने लाइब्रेरी संचालकों को अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र स्थापित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में सिंघल होटल को छोड़कर अन्य प्रतिष्ठानों का नक्शा स्वीकृत नहीं था तथा आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इस पर संबंधित संचालकों को उत्तर प्रदेश विनियमन अधिनियम (आरबीओ एक्ट) की धारा 10 के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया।
एसडीएम ने संबंधित संचालकों को आवश्यक ले-आउट स्वीकृत कराने तथा प्रवेश एवं निकास (एंट्री एवं एग्जिट) मार्गों को अलग-अलग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उमेश लाइब्रेरी में अग्निशमन यंत्रों की अनुपलब्धता, मानचित्र स्वीकृत न होने तथा आवासीय भवन का व्यावसायिक उपयोग किए जाने की पुष्टि होने पर उसे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।