लोधियान में टैंकर से पानी लेने को लगी लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
जलभराव से निपटने को गंदे पानी की निकासी के लिए डाली पाइप लाइन से सड़क की खुदाई करने से पेयजलापूर्ति की पाइप लाइन ठप हो गई है, जिसके कारण मोहल्ला लोधियान पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। यहां पालिका ने टैंकर से पानी की सप्लाई की व्यवस्था की है। एक ही टैंकर लगाए जाने के कारण लोगों को पानी के लिए लाइन लगानी पड़ रही है।
जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोगों को नहाने, कपड़े धोने की भी भारी दिक्कत हो गई है। मोहल्ले के लोग परेशानी के चलते पालिका को जमकर कोस रहे है।
शहर के मोहल्ला आवास विकास आदि में जल निकासी की समस्या काफी समय से है। इसके लिए नगर पालिका परिषद मोहल्ला लोधियान स्थित पीपल वाले शिव मंदिर से सभासद सुमितपाल के घर तक अंडर ग्राउंड पाइप लाइन डाल रही है। पाइप लाइन डाले जाने का कार्य एक माह पूर्व शुरु हुआ था। निर्माण कार्य के दौरान मोहल्ले की टंकी की पाइप लाइन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके कारण मोहल्ले के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए है।
कई बार कहने पर पालिका ने पेयजल के लिए एक टैंकर भेजना शुरू किया है। जो मोहल्ले के लोगों की जरुरत के हिसाब से काफी कम रहता है। यही कारण है कि टैंकर आते ही वहां लोगों की लंबी लाइन लग जाती है। इस भीषण गर्मी में लोग खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।