बनियाठेर(संभल)। गांव भुलाबई के शिव मंदिर में चल रही रामलीला में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलाकारों ने भगवान श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के चरित्रों का जीवंत मंचन कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। रामलीला को देखने के लिए दर्शक देर रात तक पंडाल में जुटे रहे।
मंचन में कलाकारों ने दिखाया कि जब श्रीराम ने अयोध्या से प्रस्थान किया और तमसा नदी के किनारे विश्राम किया, तब सुमंत जी ने उन्हें वापस लौटने का आग्रह किया, लेकिन श्रीराम ने रघुकुल रीति सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई कहकर वनगमन का संकल्प दोहराया। अगले मंचन में दिखाया कि जब श्रीराम ने गंगा पार करने के लिए नाव मांगी, तो केवट ने विनम्रता से कहा प्रभु आपके चरणों में जादू है पहले उन्हें धोने दीजिए। तब श्रीराम ने प्रसन्न होकर केवट को आशीर्वाद दिया और नाव में सवार हुए। इस मंचन को देख दर्शकों की आंखें नम हो गई। कार्यक्रम में राजेश कुमार शर्मा, बृजपाल शर्मा, राजकुमार मौर्य, शिवकर, सुधाकर, लीलाधर मौर्य, ललतेश, सुरेश, छत्रपाल, जमुना प्रसाद, प्रेमपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।