शुभ मुहूर्त के अनुसार यह तिथि गंगा स्नान के लिए शुभ मानी जाती है। राजघाट गंगा तट पर सदियों से आयोजित होते आ रहे कार्तिक मेले में इस बार भारी तादात में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इस दिन क्षेत्र के अलावा बहजोई, चंदौसी, बिलारी, इस्लामनगर, आसफपुर के साथ ही अन्य जनपदों के श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगता है। यहां पहुंचने के लिए अधिकतर श्रद्धालु बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर से सफर करते हैं। इसके अलावा रोडवेज व निजी वाहन से भी श्रद्धाल भारी संख्या में आते हैं।
गंगा तट से पहले ही रोके जाएंगे बड़े वाहन- गंगा तट पर स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को बीच में ही रोका जाएगा। ट्रैफिक को संचालित करने के लिए पुलिस ने पार्किंग की व्यवस्था की है। बसों, ट्रैक्टर ट्राली, डग्गामार वाहनों को दो किमी पहले पार्क कराया जाएगा। अलग-अलग वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं।
एएसपी व एसडीएम ने किया गंगा तट का निरीक्षण- मुख्य स्नान पर सुरक्षा व्यवस्था का अपर पुलिस अधीक्षक व एसडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने गंगा तट का निरीक्षण किया।
एसडीएम ने सफाई व्यवस्था के साथ ही स्नान के लिए जल स्तर का निरीक्षण भी किया। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी गई है। सुरक्षा में रहेगी पीएसी व महिला पुलिस- गंगा तट पर स्नान के लिए अराजक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने व किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी व महिला संबंधी किसी भी प्रकार की दिक्कत के लिए महिला पुलिस मेला में गश्त करेगी। स्काउट-गाइड भी नजर रखेंगे।