संभल। डीजे रोके जाने से गुस्साए कांवड़ियों ने सरथल पुलिस चौकी और सूर्यकुंड मंदिर पर हंगामा कर दिया। इसके बाद संभल-बहजोई मार्ग पर जनता पेट्रोल पंप पर जाम लगाने का प्रयास किया। कांवड़ियों ने आरोप लगाया कि नखासा थाना क्षेत्र में कुरकावली के नजदीक पुलिस ने डीजे रोक लिया था। इस दौरान एक कांवड़िया गिरकर भी घायल हुआ। एएसपी (उत्तरी) ने बताया कि डीजे नहीं रोका गया था। जो लोग हंगामा कर रहे थे उनको समझा दिया दिया था।
शहर के मोहल्ला कोट पूर्वी के 25 कांवड़ियों का जत्था डाक कांवड़ लेकर ब्रजघाट से सोमवार को लौट रहा था। नखासा थाना क्षेत्र में हसनपुर मार्ग पर गांव कुरकावली में पुलिस ने उनका डीजे रोक लिया और आगे नहीं बढ़ने दिया। पुलिस ने कहा कि डीजे पर स्पीकर की संख्या ज्यादा है जबकि कांवड़ियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें डीजे की गाइडलाइन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। गूगल पर सर्च करने के बाद गाइडलाइन का पालन करते हुए सरथल चौकी में लिखित में पत्र देकर ही डीजे लेकर गए थे।
कांवड़ियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने डीजे रोका तो एक कांवड़िया हिमांशु घायल हो गया। किसी तरह कांवड़ को खंडित होने से बचाया। हालांकि संभल पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर दिया। इसके बाद कांवड़ियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल भी पहुंच गए। उन्होंने कांवड़ियों को समझाया। इसके बाद कांवड़िये जनता पेट्रोल पंप के सामने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। जाम लगाने का प्रयास भी किया।
सूचना मिलने पर एएसपी उत्तरी राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम विकास चंद्र, सीओ संभल आलोक भाटी, सीओ असमोली कुलदीप सिंह भी पहुंच गए। पुलिस ने घायल कांवड़िये हिमांशु को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। मौके पर एएसपी ने कांवड़ियों की बात सुनते हुए समझाया और शांत किया। कांवड़ियों ने नखासा कोतवाल पर कार्रवाई की मांग उठाई। कांवड़ियों के अलावा महिलाओं ने सूर्यकुंड मंदिर के गेट पर हंगामा किया।
00000000
कांवड़िया हिमांशु ने कहा-गिरकर घायल हुआ
घायल कांवड़िया हिमांशु ने कहा कि मैं डाक कांवड़ यात्रा में शामिल था। पुलिस ने डीजे को रुकवाया तो विवाद के दौरान मैं अचानक गिरकर घायल हो गया। इसमें चोट लगी है।
0000000000
पुलिस ने नहीं बताई गाइडलाइन
कांवड़िये शोभित ने कहा कि सरथल चौकी पर पूछा गया तो गाइडलाइन नहीं बताई गई। गूगल पर सर्च करने पर पता चला कि डीजे 10 वाई 12 का ले जा सकते हैं। अगर गाइडलाइन में कहीं दो स्पीकर का जिक्र हो तो हमारी गलती है। वरना कोतवाल को माफी मांगनी चाहिए।
000000000
हाथ जोड़कर विनती की पर संभल तक नहीं आया डीजे
कांवड़िया अमन कुमार ने कहा कि हम गाइडलाइन के मुताबिक डाक कांवड़ लेने गए थे। पुलिस प्रशासन ने कुरकावली में हमारी कांवड़ को खंडित किए जाने की कोशिश की। पुलिस ने रोका तो हमने हाथ जोड़कर विनती की लेकिन संभल तक डीजे नहीं आने दिया।
00000000
कांवड़ियों को गाइडलाइन बताने के लिए रोका गया था। डीजे रोके जाने की बात गलत है। हंगामा कर रहे कांवड़ियों को समझाकर शांत कर दिया गया।
कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी
000000000
पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम अच्छे किए हैं। कांवड़ियों के सम्मान का भी ध्यान रखना चाहिए। कांवड़िये जो हंगामा कर रहे थे उनको समझा दिया गया था। डीजे रोकने पर कांवड़ियों में आक्रोश पनप गया था।
-राजेश सिंघल, उपाध्यक्ष, पश्चिमी क्षेत्र, यूपी