जुनावई। विकासखंड जुनावई क्षेत्र के गांव कलेथा में एक माह से दोनों ट्रांसफार्मर फुंके होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है। लंबे समय से बिजली नहीं मिलने से ग्रामीणों में रोष है।
बुधवार को आक्रोशित ग्रामीण ग्राम प्रधान भावना गुप्ता और उनके प्रतिनिधि गौरव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बदायूं जनपद के जरीफनगर स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए 25-25 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। अत्यधिक भार के चलते करीब एक माह पहले दोनों ट्रांसफार्मर फुंक गए थे। इसके बाद से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। कभी संभल तो कभी बदायूं का मामला बताकर उन्हें एक-दूसरे विभाग के चक्कर लगवाए जा रहे हैं।
बुधवार को ग्रामीणों ने जरीफनगर विद्युत उपकेंद्र पर सहसवान उपखंड अधिकारी के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र सौंपा। इसमें गांव की आबादी और उपभोक्ताओं की संख्या को देखते हुए अधिक क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की गई।
पत्र सौंपने वालों में गौरव कुमार गुप्ता, ज्ञानेंद्र कुमार, रूपकिशोर, टीकाराम, भगवान सिंह, रोहित कुमार और रामेश्वर सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। टेक्नीशियन संदीप कुमार ने ग्रामीणों को जल्द नए और उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। एसडीओ सहसवान जयप्रकाश ने बताया कि मामला जुनावई का है। जुनावई से ही ट्रांसफार्मर लगेंगे। इस संदर्भ में गुन्नौर एसडीओ और जेई को अवगत करा दिया गया है।