संभल के मोहल्ला कोट पूर्वी में चोरी के बाद जानकारी देते दंपती।
- फोटो : amar ujala
संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटपूर्वी में लेखपाल के घर से चोर नकदी और जेवर समेत साढ़े तीन लाख रुपये का माल ले गए। भोर होने पर कमरे में रखा सामान बिखरा देखा तो होश उड़ गए। पीड़ित ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
मंगलवार को संजीव कुुमार के घर में दीवाली के लिए रंगाई पुताई कराई जा रही थी। इसलिए सारा सामान एक कमरे में रख दिया था। देर रात किसी समय छत के रास्ते से चोर घर में प्रवेश कर गए। कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी और जेवर चुरा ले गए। पीड़ित ने बताया घर में रंगाई और पुताई का काम चल रहा है। इसलिए घर का सारा सामान एक कमरे में रख दिया था। परिवार के सारे लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह चार बजे करीब उनकी बेटी रिया की आंख खुली तो मुख्य दरवाजा खुला था।साथ ही कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने यह देखकर शोर मचा दिया जिसे सुनकर वह पति-पत्नी जाग गए। चोरी होने का अहसास होने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया है। बताया कि अलमारी में तीस हजार रुपये, सोने का हार, चेन, मंगलसूत्र, चार जोड़ी सोने के कुंडल, चार अंगूठी, कान की कनौती और कीमती कपड़े चोर ले गए हैं। पीड़ित ने करीब नकदी समेत साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान बताया है। संजीव कुमार के पड़ोसी राजेश रस्तोगी के स्टोर रूम का ताला तोड़ा गया लेकिन चोर सामान ले जाने में नाकाम रहे। राजेश रस्तोगी ने बताया कि आहट होने पर चोर भाग गए होंगे।