संभल। मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब व उसके बेटे अनोस हबीब धोखाधड़ी के मामले में संभल पुलिस की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। सहयोग के लिए नोटिस जारी किया गया था लेकिन कोई सहयोग नहीं किया गया। पुलिस दिल्ली की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंची तो आरोपी नहीं मिले। कुछ दस्तावेज पुलिस को मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। अब पुलिस गैरजमानती वारंट जारी कराने के लिए प्रयास कर रही है। जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी तय है।
संभल शहर और आसपास के गांवों के एफएलसी कॉइन योजना में निवेश कराया गया। लोगों को 70 प्रतिशत मुनाफा दिए जाने का झांसा दिया गया था। लोगों ने संभल के नई सराय निवासी सैफुल के माध्यम से निवेश किया। लंबे समय तक न निवेश का लाभ मिला और न निवेश की गई राशि वापस मिल सकी। इसके बाद लोगों को ठगी होने का अहसास हुआ। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई के निर्देश पर 24 सितंबर से लगातार कार्रवाई चल रही है। जावेद हबीब, उसके बेटे अनोस हबीब और सैफुल के खिलाफ धोखाधड़ी के 32 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। यह मुकदमे 47 पीड़ित लोगों की तहरीर के आधार पर दर्ज किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि कॉइन योजना में एप के माध्यम से निवेश कराकर पांच करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी का मामला है। इसमें तीन टीमों को जांच में लगाया है। आरोपियों से जांच में सहयोग मांगा गया था लेकिन नहीं किया गया। अब गैरजमानती वारंट जारी कराकर कार्रवाई की जाएगी।