बहटकरन में श्री कृष्ण जन्माष्टमी समारोह में बाल रूप कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चे। संवाद
गवां। रजपुरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव बहटकरन में जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार से शुरू हुए इस आयोजन में ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में शनिवार की रात श्रीकृष्ण जन्म की झांकी और नाटक का मंचन किया गया। जिसमें बाल कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीला का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया। रविवार को गांव में विशाल मेले का आयोजन हुआ। इसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले का मुख्य आकर्षण दंगल रहा। जिसमें दूरदराज से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए और दर्शकों की तालियां बटोरीं।
मेले में आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति भी की गई, जिनमें काली अखाड़ा, कंस वध, राधा-कृष्ण, कृष्ण-बलराम आदि प्रमुख थीं। यह झांकियां गांव की गलियों से होते हुए मुख्य मंच तक निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। जिसमें लोकगीत, नृत्य और भक्ति संगीत ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
वहीं, सोमवार की रात को राजगद्दी नाटक का मंचन प्रस्तावित है, जिसका ग्रामीण बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने मेले व धार्मिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाया।