बारिश के बाद हुए हाईवे किनारे हुए जलभराव के चलते बिजली लाइन के एक खंभे पर अचानक करंट उतर गया। गाय की मौत हो गई। इस घटना से भड़के लोगों ने मुरादाबाद- आगरा हाईवे पर गाय का शव रखकर जाम लगा दिया। दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। मौके पर चौकी प्रभारी व प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब सवा घंटे बाद जाम को खुलवा कर यातायात को सुचारू कराया गया।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद हाइवे पर चंदौसी मार्ग पर स्थित मनोहर वाटिका के निकट हाइवे किनारे खड़े खंभे में उस वक्त करंट उतर आया जब बारिश से खंभे के आस-पास जलभराव हो गया। करीब साढ़े पांच बजे विद्युत करंट की चपेट में आने से गाय क मौत हो गई।
निकट गांव बाघऊ के दर्जनों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन करने लगे। आरोप है कि विभाग के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का फोन काफी देर तक रिसीव नहीं हुआ। करीब पंद्रह मिनट बाद एक कर्मचारी ने फोन रिसीव किया तो बात को अनसुना कर दिया जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने करीब 6:45 बजे गाय के शव को नेशनल हाइवे पर रख दिया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
हाईवे के दोनों करीब दो किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बबराला के निकट विद्युत करंट से एक गाय मरी थी जिसके बाद ग्रामीण लाइन को ठीक करने के लिए विद्युत विभाग के कर्मचारियों को बुला रहे थे। विद्युत विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो जाम लगा दिया।