चंदौसी में 36बी रेलवे फाटक पर लगा जाम।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। शहर के रेलवे फाटकों पर रोज जाम की समस्या बनी रहती है। इससे समाधान को ओवरब्रिज बनाने की मांग तो लंबे समय से चल रही है। लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर लोगों ने ओवरब्रिज के स्थान पर अंडरपास की मांग शुरू कर दी है। वहीं, राज्यमंत्री से लेकर कई संगठन प्रयास कर रहे हैं।
चंदौसी में रेलवे फाटक 36बी और 35बी सर्वाधिक व्यस्त रहता है। जिसके कारण रोजाना हर आधा-एक घंटे बाद फाटक बंद हो जाता है। जिससे लंबा जाम लग जाता है। जिसमें मुरादाबाद, बदायूं, बहजोई, संभल आदि की ओर जाने वालों को अनावश्यक देरी हो जाती है। इन दोनों फाटकों पर ओवरब्रिज बनाने की मांग लंबे समय से चल रही है। भाजपा के पूर्व सांसद सत्यपाल सैनी ने तो केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामने भी इस मुद्दे को दो बार उठाया। उन्होंने इसके निर्माण के लिए भरोसा भी दिया। लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
शहर के लोगों को जाम से निजात नहीं मिल सकी। इसी बीच रेल विभाग में चंदौसी के ही एक बड़े अफसर ने चंदौसी आगमन के दौरान स्थानीय लोगों को बताया कि रेल मंत्रालय ओवरब्रिज बनाने के पक्ष में नहीं रहता है। लेकिन अंडरपास बनाने में मंत्रालय हिचकता नहीं है। यही प्रमुख कारण है कि चंदौसी के लोगों ने ओवरब्रिज को मांग को अंडरपास में बदल दिया है।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने भी शुक्रवार को रेलमंत्री पीयूष गोयल से मिलकर 36बी व 35बी रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने की मांग की है। 46बी बहजोई में भी अंडरपास की मांग की गई है। पीयूष गोयल से मिलने के बाद भाजपाइयों को उम्मीद है कि शीघ्र ही कोई कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि राज्यमंत्री व साथ गए भाजपाइयों के सामने ही रेलमंत्री ने अंडरपास के लिए संबंधित अफसरों को दिशा निर्देश जारी कर दिए थे।
अब चंदौसी के लोेगों को नितिन गड़करी के बाद रेलमंत्री पीयूष गोयल से आस लगी है। फिलहाल तो शहर के लोग अभी भी जाम में फंस रहे हैं। इससे निजात कब मिलेगी, यह तो समय ही बताएगा।