संभल-बहजोई मार्ग पर जाम लगाने के दौरान मृतक रेहान की बहन को ले जाते परिजन।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। हत्या के आरोपी गिरफ्तार न होने पर पीड़ित परिजन भड़क गए। संभल-बहजोई मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाया और भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद जाम खुल सका। पीड़ित परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सीओ ने जल्द गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित परिजन घर के लिए चले गए। शनिवार की दोपहर तीन बजे करीब हयातनगर थाना क्षेत्र के संभल-बहजोई मार्ग पर स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक सरायतरीन के मोहल्ला कटरा निवासी लोगों ने जाम लगाया। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह भीड़ को हटाने का प्रयास किया। सख्ती भी की इसके बाद भीड़ को हटाया गया। करीब 15 मिनट के बाद जाम खुल सका और यातायात सुचारू हो सका। मालूम हो शुक्रवार की दोपहर संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चमन सराय में सरायतरीन के मोहल्ला कटरा निवासी रेहान पर चाकू से हमला किया गया था। जिसमें रेहान की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर चमन सराय निवासी सलीम उर्फ पुतला, सलमान और जावेद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की।
यह हत्या रोटी बनाने के तंदूर को मांगने पर शुरू हुए विवाद को लेकर हुआ। रेहान रोटी बनाने का काम करता था। शुक्रवार को जब रेहान अपनी दुकान पर पहुंचा तो रोटी बनाने का तंदूर गायब था। पड़ोसी युवक तंदूर उठाकर ले गया था। इसी बात पर विवाद हो गया और रेहान पर चाकू से हमला किया गया। जिसमें रेहान की मौत हो गई। इसी हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजन जाम लगा रहे थे।
सीओ अरूण कुमार सिंह ने बताया कि जाम नहीं लगने दिया था। मौके पर कई थानों की पुलिस एहतियातन बुलाई गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर रेहान के परिजनों को सांत्वना देने के लिए सांसद प्रतिनिधि जियाउर्रहान बर्क और पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां, और सुहेल इकबाल पहुंचे। पीड़ित परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।