संभल। सरायतरीन में मामूली बात पर बाइक सवार युवक को पीट पीटकर मार देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। मालूम हो शनिवार को सरायतरीन के मोहल्ला बरखेरियान में ई-रिक्शा हटाने को लेकर हुए विवाद में सरायतरीन के मोहल्ला पीलाखदाना निवासी शोएब (18) पुत्र अतीक की हत्या कर दी थी। इसमें सरायतरीन के मोहल्ला बरखेरियान निवासी ई-रिक्शा चालक अनवार और उसके बेटे शाहजेब, जुबैद और परवेज के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई। इस हत्या के बाद पीड़ित परिजनों ने हंगामा काटा था और सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में ही जुट गईं। रविवार की सुबह नौ बजे करीब मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि हत्या का आरोपी अनवार अपने बेटे जुबैद के साथ कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर दबिश दी। सरायतरीन स्थित भारत गैस गोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि हत्या के आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। अभी दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया है।