जाम के हालात-संभल के मुख्य मार्गों पर ऐसे नजर आए जाम के हालात।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। दो दिवसीय साप्ताहिक लॉकडाउन के बाद सोमवार को बाजार खुला तो भीड़ आम दिनों से भी ज्यादा दिखाई दी। मिठाई की दुकानों पर जमकर खरीदारी की गई। बाजार से अन्य सामान खरीदने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। अचानक वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम के हालात बने। जिसको संभालने वाला कोई नजर नहीं आया। मजबूरन लोग खुद ही इस जाम से निबटने का प्रयास करते रहे।
सोमवार को बाजार खुलने का दिन था और रक्षाबंधन पर्व भी। इसी के चलते बाजारों सेे जमकर खरीदारी की गई। मिठाई की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई। अन्य वस्तुओं की खरीदारी के लिए भी भीड़ बाजारों तक पहुंची। इस भीड़ के एकत्र होने से जहां एक ओर सामाजिक दूरी का उल्लंघन हुआ वहीं दूसरी ओर जगह-जगह जाम के हालात बने। चंदौसी चौराहा, रोडवेज बस अड्डा, शंकर चौराहा, घंटा घर और आर्य समाज मार्ग पर सबसे ज्यादा जाम के हालात बनते रहे। इस दौरान न थाने का कोई पुलिस कर्मी दिखाई दिया और न यातायात पुलिस ने ही सुध ली। बाजारों में रौनक तो काफी दिखाई दी लेकिन संक्रमण को बुलावा भी खूब दिया गया। क्योंकि सामाजिक दूरी का उल्लंघन करने के साथ ही बिना मास्क के लोग दिखाई दिए।