बहजोई (संभल)। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम ने जिले में हुए निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। इसमें समय से कार्य पूरा न कराने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जल निगम ग्रामीण के एक्सईएन से जवाब तलब किया है। साथ ही एई व जेई के वेतन पर रोक लगाई है।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए डीएम मनीष बंसल ने सीडीओ से कहा कि पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाए जा रहे प्राथमिक विद्यालयों के कक्षों आदि में टाइल्स कार्य पूरा कराएं। लापरवाही पर सचिव के खिलाफ कार्रवाई तय है। इस बीच डीएम ने जल निगम ग्रामीण की ओर से बनाई जा रही परियोजनाओं में ओवरी, सैफ खां सराय व रतूपुरा को लेकर जानकारी ली। इसमें कार्य पूरा करने में एक्सईएन समेत एई व जेई की लापरवाही सामने आई। उन्होंने जल निगम ग्रामीण के एक्सईएन से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा एई और जेई के वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। कहा कि किसी हालत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सीडीओ कमलेश सचान समेत डीएसटीओ रत्नेश कुमार, एएमए आशीष सिंह, डीआईओएस वेदराम कौशल, बीएसए चंद्रशेखर, डीआईओ बृजेश कुमार व डिप्टी सीएमओ डॉ. विश्वास अग्रवाल आदि रहे।