बहजोई (संभल)। डीएम डॉ. राजेंद्र पैन्सिया ने बुधवार को पीएम श्री के लिए चुने गए अतरासी के कंपोजिट विद्यालय और धुरैटा के कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। परिसरों में नजर आईं कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
अतरासी में दिव्यांग शौचालय से जुड़ी कमियों पर सीडीओ गोरखनाथ भट्ट को प्रधान व सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बीडीओ से परिसर का सुंदरीकरण कराने की बात कही। बरामदे की टूटी टाइल्स, स्कूल के ऊपर से बिजली की लाइन आदि में सुधार के लिए कहा। विद्यालय के बाहर बंधे घरेलू पशुओं व शेड के नीचे से अतिक्रमण हटाने को भी कहा। पास में तंबाकू-पान मसाने की बिक्री रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यार्थियों से गणित के सवाल भी किए।
धुरैटा में देर से पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से सवाल करने के बाद डीपीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूल में इन्वर्टर लगवाने को और मिडडे मील शेड बनवाने को कहा। डिप्टी कलक्टर आनंद कटारिया, बीएसए अलका शर्मा, बीईओ एमएल पटेल आदि भी डीएम के साथ रहे।