संभल। घायल अवस्था में भाग रही नील गाय बाइक सवार युवक से टकरा गई। इसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कुछ दूर जाकर नीलगाय की भी मौत हो गई। हादसा देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल बाइक सवार को अस्पताल भर्ती कराया और नील गाय के मरने की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। ग्रामीणों के अनुसार नीलगाय को गोली मारी गई थी। जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस इस मामले में जांच करने का हवाला दे रही है। मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे करीब असमोली थाना क्षेत्र के गांव भटपुरा में गोली लगी भाग रही नीलगाय बाइक सवार से टकरा गई। इसमें बाइक गांव घंसूरपुर निवासी पंकज पुत्र रामसुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार गांव चंदवार एक रिश्तेदारी में जा रहा था। जैसे ही गांव भटपुरा पहुंचा तो अचानक घायलावस्था में आई नीलगाय टकरा गई। वहीं कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद नील गाय की भी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और नीलगाय को लगी गोली की जांच पड़ताल की। ग्रामीणों का कहना है कि शिकारी ने गोली मारी है।