चंदौसी। इंडियन बैंक का सेंसर अलार्म बजने से आसपास क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची भी जा पहुंची। बैंक में ऊपरी मंजिल पर रहने वाले फील्ड मैनेजर ने पहुंच अलार्म को बंद किया। बताया गया कि अलार्म अपने आप बजा था। पुलिस ने बैंक मैनेजर से मोबाइल पर वार्ता की। इसके बाद पुलिस वापस लौट गई।
कोतवाली क्षेत्र के बैंक रोड स्थित इंडियन बैंक है। बैंक में फील्ड आफीसर अश्विनी सिंह ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। रविवार की दोपहर फील्ड आफीसर भोजन करने चले गए। तभी दोपहर 12.40 बजे बैंक में लगा शेडो सेंसर (परछाई) अलार्म बजना शुरू हो गया। अलार्म की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और बैंक के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। आसपास के लोगों ने घटना से फील्ड ऑफीसर व पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद भोजन करने गए फील्ड आफीसर व प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश गुप्ता पुलिस बल के साथ इंडियन बैंक पर पहुंच गए। फील्ड आफीसर व पुलिस ने बैंक के पीछे बने गेट से प्रवेश कर अलार्म बंद किया। फील्ड आफीसर ने बताया कि बैंक में दो अलार्म लगे हैं। जिसमें एक शेडो सेंसर अलार्म है, जो परछाई पड़ने पर बजने लगता है। शनिवार की हुई बरसात के कारण कुछ खराबी आने से अलार्म खुद बज उठा। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने बैंक मैनेजर विभव शर्मा से मोबाइल पर वार्ता की और स्थिति से अवगत कराया। बैंक के बाहर लगी भीड़ भी माजरा जानने को उत्सुक नजर आई। जानकारी होने पर लोगों अपने-अपने घर चले गए। फील्ड आफीसर व बैंक मैनेजर को अलार्म ठीक कराने के निर्देश देने के बाद पुलिस बल वापस लौट गया।