चंदौसी। गांव दियौरा खास में आदर्श श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन लंका युद्ध, रावण वध और भगवान राम के अयोध्या लौटने के बाद राजतिलक का मंचन किया गया।
रामलीला के अंतिम दिन भगवान राम और रावण के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया गया। भगवान राम ने रावण का वध कर धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश दिया। रावण वध का दृश्य देखकर पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद भगवान राम ने विभीषण को लंका का राजा बनाया। भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ पुष्पक विमान से अयोध्या पहुंचे। उनके आगमन पर नगरवासियों ने दीप जलाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। राम का राजतिलक कर उन्हें अयोध्या की राजगद्दी सौंपी गई।
मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी ने रामलीला मंच पर राम, लक्ष्मण और हनुमान का तिलक कर आरती उतारकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्य का प्रतीक है। आज के समाज को उनके आदर्शों पर चलने की सबसे अधिक आवश्यकता है। युवाओं को माता-पिता का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कमेटी को सफल आयोजन की बधाई दी। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य उदयवीर सिंह, लल्लू सिंह, रनवीर सिंह, जुगल किशोर शर्मा, महावीर सिंह, गोकरन यादव, वीरेश यादव, लखमीचन्द यादव, मनसुख यादव, मनवीर सिंह और करतार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।