चंदौसी। बनियाठेर क्षेत्र के गांव निवासी युवती को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने झांसा देकर पांच लाख रुपये ले लिए। आरोपी ने खुद को मर्चेंट नेवी में बताता था। नौकरी न लगने और रुपये वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कई चक्कर लगा चुकी है।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव नंगला खाकम निवासी युवती शिखा पुत्री सूबेदार सिंह ने एसपी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि जनपद बदायूं के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति की बहन की शादी उनके गांव में हुई है। वह उनके गांव में अपनी बहन के घर आता जाता है और स्वयं को मर्चेंट नेवी में कार्यरत बताता है।
उसने माता-पिता को युवती की रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। बताया कि रेलवे में उसके कई अधिकारियों से संपर्क हैं। मई 2019 में आरोपी ने नौकरी दिलाने के बहाने पांच लाख रुपये ले लिए। इनमें से दो लाख रुपये आरोपी के खाते में जमा कराए गए थे। दिसंबर 2019 में आरोपी ने उसे एक फर्जी आईडी भी दिया। काम कराने और इंटरव्यू के बहाने दो बार लखनऊ और एक बार सहारनपुर बुलाया था पर नौकरी नहीं लगी। पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टाल मटौल करता रहा।
उसके घर गई, तो वहां आरोपी व उसके परिजनों ने गाली गलौज की। बदमाशों से मरवाने की धमकी दी। आरोप है कि कुछ लोग उसके घर आकर परिवार वालों को धमका चुके हैं। इस मामले की पुलिस से शिकायत की, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायती पत्र में आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।