संभल। मौसम में बदलाव के कारण बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। जिला अस्पताल में बुधवार को 183 मरीज ओपीडी में पहुंचे, जिनमें से 50 बुखार से पीड़ित थे। इस समय अस्पताल में छह बच्चों सहित कुल 36 मरीज भर्ती हैं, जिनकी जांच में वायरल बुखार की पुष्टि हुई।
जिला अस्पताल के सीएमएस राजेंद्र सैनी ने बताया कि बदलते मौसम का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इसी कारण पिछले दो सप्ताह के अंदर बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी आई है। वायरल बुखार के मरीजों की संख्या सबसे अधिक है।
हालांकि, डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड के मरीज भी लगातार सामने आ रहे हैं। त्योहारी सीजन में बीमारों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है। बुधवार को ओपीडी में आए 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इन सभी मरीजों की जांच की जा रही है ताकि बुखार के सही कारण का पता चल सके।
अन्य बीमारियों का भी प्रकोप
बुखार के अलावा सर्दी और जुकाम के मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। बुजुर्गों में हाथ और पैरों के दर्द की समस्या भी बनी हुई है। सीएमएस ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में भर्ती सभी 36 मरीज बुखार से पीड़ित हैं। इनमें छह बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी जांच में वायरल बुखार की पुष्टि हुई।