संभल के गांव चिमियावली में मीट फैक्टरी में तीसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई। संवाद
संभल। सरायतरीन निवासी मीट कारोबारी हाजी इमरान और हाजी इरफान के घर और चिमियावली स्थित मीट फैक्टरी में आयकर टीम ने बुधवार को तीसरे दिन भी जांच पड़ताल की। जांच में आयकर टीम को करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि बोगस फर्मों के माध्यम से पशुओं की खरीद फरोख्त और विदेशी धन अवैध तरीके से खपाने के सबूत मिले हैं।
संभल के सरायतरीन निवासी मीट कारोबारियों के घर और फैक्टरी में आयकर टीम सोमवार की सुबह चार बजे से छानबीन कर रही है। बुधवार को कार्रवाई के तीसरे दिन भी दिनभर छानबीन जारी रही। पुलिस और पीएसी के जवानों का पहरा दिखाई दिया। कर्मचारी और एक रिश्तेदार के घर की छानबीन मंगलवार की शाम को पूरी कर ली गई थी लेकिन कारोबारियों के घर और फैक्टरी पर छानबीन जारी है।
फैक्टरी में 100 से ज्यादा कर्मचारी व मजदूर हैं। इतनी ही संख्या में आयकर विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि फैक्टरी के अंदर किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। साथ ही निकलने की भी इजाजत नहीं है। यह कार्रवाई अभी कितनी लंबी चलनी है। इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों का कहना है कि मीट कारोबारियों के करीबी लोग भी आयकर के निशाने पर हैं। कई संपत्तियों के दस्तावेज ऐसे मिले हैं जिनकी सही जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। जबकि यह संपत्तियां बेशकीमती हैं।