संभल। दशमोत्तर कक्षाओं के ऐसे विद्यार्थी जिन्हें छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि खाते में हस्तांतरित नहीं होने की शिकायत है तो इसे लेकर जिला समाज कल्याण विभाग से संपर्क करें। ये समस्या उन विद्यार्थियों को आ रही है, जिन्होंने अपने बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) विकल्प सक्रिय (एक्टिवेट) नहीं कराया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी लाभार्थी विद्यार्थियों से डीबीटी विकल्प एक्टिवेट कराने की अपील की है।
जनपद में तमाम ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनके खाते में अभी तक छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि नहीं पहुंच सकी है। ये विद्यार्थी पोर्टल पर जब जांच करते हैं तो उन्हें विभिन्न संदेश प्राप्त होते हैं। इनमें प्रमुख हैं ‘यूआईडी नेवर इनेबल, यूआईडी इनेक्टिव फॉर डीबीटी, बेनिफिशियरी बेस्ड ऑन अकाउंट बट यूआईडी इज इनवैलिड’ है। साथ ही जिला स्तरीय कमेटी द्वारा रिजेक्ट कर दिए जाने के भी मैसेज मिल रहे हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को यह संदेश दिख रहा है वह अपने खाते से आधार लिंक करा लें। साथ ही बैंक के माध्यम से डीबीटी विकल्प सक्रिय करा लें। डीबीटी विकल्प सक्रिय होने के 72 घंटे बाद किसी नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र पर जाकर आधार नंबर का इस्तेमाल करते हुए धन निकासी या जमा कराएं। इसके बाद उनके खाते में छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि पहुंच जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि 22 फरवरी तक छात्रवृत्ति के आवेदनों में त्रुटियां ठीक हो सकती हैं, जिसे संबंधित विद्यार्थी करा सकते हैं।