असमोली (संभल)। एक दिन की दुल्हन रात के अंधेरे में पति के घर से निकल गई और भटकते हुए भटपुरा गांव पहुंच गई। गश्त कर रही पुलिस ने नई दुल्हन को देखा तो पूछताछ की। संदिग्ध बयान देने पर पुलिस कर्मी थाने ले गए। पूछताछ के बाद उसके पति व ससुरालियों को सूचना दी गई।
ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने जिला मऊ निवासी युवती से 24 अगस्त को मंदिर में शादी की थी। युवक अपनी पत्नी को लेकर बृहस्पतिवार को गांव पहुंच गया। युवक ने बताया कि दुल्हन अलग कमरे में सो रही थी। रात को किसी समय घर से निकल गई और गांव भटपुरा पहुंच गई। इसी दौरान गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों को मिली है। ऐंचोड़ा कंबोह थाना प्रभारी पुष्कर मेहरा ने बताया कि युवती ने बताया है कि उसका मन नहीं लग रहा था, इसलिए वह घर से निकल गई थी। बताया कि बाद में उसके पति व ससुरालियों को सुपुर्द कर दिया है। युवती भी रहने की बात से इनकार नहीं कर रही है। वहीं दूसरी ओर नई दुल्हन के घर से भागने के प्रयास की चर्चा गांव में आम है।