बहजोई थाना क्षेत्र के भरतरा गांव में पति को इधर-उधर धूमने से मना किया तो पति ने गंड़ासे से प्रहार करके पत्नी की गर्दन रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। मृतका के भाई ने बहनोई पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बहजोई थाने के भरतरा गांव निवासी वीरेंद्र व उसकी पत्नी हरवती (42) शुक्रवार को घर पर ही थी। उनके दोनों पुत्र राहुल व रोहित सुबह करीब दस बजे किसी कार्य से घर से बाहर चले गए। दोपहर को पड़ोसियों ने राहुल व रोहित को सूचना दी कि उनकी मां हरवती घर में मृत अवस्था में पड़ी है। दोनों बेटे घर पहुंचे तो देखा कि हरवती की गर्दन कटी हुई है, खून बहकर नाली में जा रहा है। दोनों बेटों ने तत्काल अपने पिता को फोन मिलाया और मां की मौत की सूचना दी लेकिन उसके बाद वीरेंद्र ने अपना फोन बंद कर लिया और घर पर भी नहीं लौटा।
दोनों पुत्रों ने आशंका व्यक्त की कि लगता है उसके पिता ने ही मां की हत्या की है। सूचना पर मृतका के भाई मछखेड़ा गांव निवासी रूपराम भी आ गए। बहजोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रूप राम ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके बहनोई का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। बरेली से उनका उपचार भी चल रहा था। हरवती अपने पति से इधर उधर घूमने से मना करती थी। आज भी उसने पति को घूमने जाने से मना किया तो उसने गुस्से में आकर गन्ना काटने का गंड़ासा उठाकर गर्दन पर प्रहार करके उसकी हत्या कर दी। मृतका की शादी 22 साल पहले हुई थी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।