संभल। ब्लॉक संभल क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय फिरोजपुर की हालत बेहद जर्जर है। विभाग द्वारा इस विद्यालय भवन को जर्जर घोषित करते हुए नीलाम भी करा दिया है लेकिन आगे की कार्रवाई शुरू नहीं हुई है। ऐसे में इंचार्ज प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुजम्मिल और सहायक अध्यापिका अंकिता दुबे बच्चों को उसी जर्जर भवन में पढ़ा रहे हैं। आलम यह है कि विद्यालय के बरामदे के साथ ही कक्षा कक्षों की छतों के लिंटर का प्लास्टर कई जगह से टूटकर गिर चुका है। उन्हीं कक्षा कक्षों में बच्चे पढ़कर भविष्य उज्ज्वल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इस विद्यालय में बृहस्पतिवार को सुबह से बिजली नहीं आई और इन्वर्टर भी नहीं लगा है। बताया गया कि बिजली का तार टूटा हुआ है। गर्मी के माहौल में बच्चे परेशान होते रहे। विद्यालय में पंजीकृत 101 में से 85 बच्चे पहुंचे। बच्चों को मिड-डे मील में दाल, रोटी का भोजन दिया गया। विद्यालय के परिसर में बरसात के पानी के निस्तारण के लिए सोकपिट की व्यवस्था मिली।
00000000000
मिड-डे मील नहीं बना, बच्चों ने खोली पोल, शिक्षक चुप रह गए
शहजादी सराय में स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में बृहस्पतिवार को मिड-डे मील नहीं बनाया गया। शिक्षकों ने दावा किया खिचड़ी बनी है जबकि बृहस्पतिवार को मिड-डे मील की मेन्यू में दाल सब्जी बनने का दिन तय था। हालांकि बच्चों ने सच बोल दिया। बच्चों ने बताया कि उन्हें मिड-डे मील नहीं मिला है। बच्चों की बात सुनकर सहायक अध्यापिका शिल्पी गुप्ता और शिक्षामित्र हरपाल सिंह ने भी आगे कुछ नहीं कहा। शिक्षकों ने बताया कि प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार किसी काम से गए हैं। इस विद्यालय में 118 बच्चे पंजीकृत हैं, जिसमें 33 ही उपस्थित मिले। अब सवाल यह भी है कि उपस्थिति को लेकर जो विभाग दावे करता है वह भी पूरी क्यों नहीं हो पा रही है।
00000000
परिसर में कीचड़ और गर्मी से बेहाल बच्चे
शहजादी सराय के विद्यालय के परिसर में जलभराव और कीचड़ दिखाई दिया। बच्चों के खेलने के लिए परिसर भी साफ नहीं है। ऐसे में बच्चों का मानसिक विकास तो यहीं ठहर रहा है। इस विद्यालय में इन्वर्टर नहीं है। बच्चों के साथ शिक्षक भी गर्मी से बेहाल दिखाई दिए। मिड-डे मील के लिए रसोई की व्यवस्था तक नहीं है। कक्ष के बाहर ही मिड-डे मील बनाया जाता है। इस तरह की स्थिति ब्लॉक के कई विद्यालयों में देखने को मिलती है।
000000000000
फिरोजपुर के जर्जर उच्च प्राथमिक विद्यालय को प्राइमरी विद्यालय में शिफ्ट किया जाएगा। जर्जर के लिए पहले ही निर्देश दिए गए हैं किसी जर्जर भवन में बच्चे नहीं बैठेंगे। शहजादी सराय प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के परिसर में जलभराव और कीचड़ की समस्या का समाधान बीडीओ स्तर से होगा। विद्यालय में मिड-डे मील नहीं बनने के मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-पोप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, संभल