सौंधन। कैला देवी थाना क्षेत्र को गांव कैलमुंडी में राजेश्वरी (19) का शव फंदे पर लटका मिला। महिला के परिजन मौके पर आए और सुसरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।थाना क्षेत्र के गांव के कैलमुंडी निवासी नंदकिशोर की शादी करीब 20 महीने पहले गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव करियामई के प्रेम सिंह की बेटी राजेश्वरी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे राजेश्वरी का शव कमरे में कुंडे में साड़ी के फंदे पर लटका मिला। बताते हैं कि उस वक्त परिजन खेत पर थे। पति नंदकिशोर खेत से वापस आया तो कमरा अंदर से बंद था। उसने आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं। आसपास के लोगों को बुलाया और दरवाजा तोड़ा तो महिला का शव फंदे से लटक रहा था। शव को नीचे उतारा गया।
सूचना पर महिला के मायके वाले आ गए और हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस को बुला लिया। नायब तहसीलदार अरविंद सिंह भी मौके आ गए। पुलिस ने महिला के ससुर और पति को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह का कहना रहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद