संभल की जामा मस्जिद में नमाज के दौरान अंदर जाने की कोशिश करने का आरोपी।
- फोटो : संवाद
संभल। शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक बार फिर संभल का माहौल बिगड़ने से बच गया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के तैनात होने के बावजूद गले में भगवा गमछा और माथे पर तिलक लगाए हिंदू युवक ने जमा मस्जिद में घुसने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गए। युवक की हरकत से गुस्साए नमाजियों को अधिकारियों ने समझाकर मस्जिद में भेजा। मौके पर पहुंचे डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने की नसीहत दी है। वहीं, दूसरी ओर एएसपी श्रीश्चंद्र ने युवक को मानसिक रूप से कमजोर बताया है।
जमे की नमाज को लेकर जामा मस्जिद के मुख्य गेट पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और आरएएफ तैनाती की गई थी। ड्रोन कैमरे के साथ जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी। मस्जिद को जाने वाले दो रास्ते पर बैरिकेडिंग लंबे समय से की हुई है। पैदल ही लोग निकल सकते हैं। इसके अलावा सभी बैरिकेडिंग पर पुलिस का पहरा है। एएसपी और सीओ की कड़ी निगरानी के बाद भी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। मोहल्ला कोटगर्वी निवासी अजय शर्मा अचानक डाकखाना रोड की तरफ से गले में भगवा गमछा व माथे पर तिलक लगाए व हाथ में पॉलीथिन लेकर मस्जिद तक पहुंच गया। इससे पहले पुलिसकर्मी कुछ समझते युवक ने जामा मस्जिद की सीढ़ी को हाथ लगाकर माथे से लगाया। यह देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। तुरंत पुलिसकर्मियों ने युवक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गए। लेकिन, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के सामने ही युवक की हरकत देख नमाजियों का गुस्सा भड़क किया। कुछ नमाजियों ने पुलिस हिरासत में मौजूद युवक को पीछे से पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए नमाजियों को समझा कर नमाज अदा करने के लिए जामा मस्जिद के भीतर भेज दिया। एएसपी ने बताया कि युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
फेल हुई थ्री लेयर सुरक्षा, बैरिकेडिंग से निकलते समय किसी पुलिसकर्मी ने नहीं टोका
24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद से जामा मस्जिद की सुरक्षा बढ़ा दी है और बैरिकेडिंग दो रास्तों पर है। मस्जिद की ओर से जाने वाले लोगों पर पुलिस की निगरानी रहती है। जुमा नमाज के दौरान एहतियाती तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी जाती है। 24 नवंबर के बाद से थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था है। पुलिस, पीएसी, आरएएफ की निगरानी है। इस बड़े सुरक्षा प्लान को एक युवक ने चकमा दिया और वह मस्जिद तक पहुंच गया। इससे माहौल बिगड़ने का पूरा अंदेशा था। गनीमत रही कि माहौल शांतिपूर्ण बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था पर जरूर सवाल उठ रहे हैं।
संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अभी तक की जानकारी करने पर पता चला है कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है। आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।-श्रीश्चंद्र, एएसपी, संभल