संभल। शहर और उसके आसपास बने 19 कूप और पांच तीर्थों का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम द्वारा सर्वे किया गया है। चार सदस्यीय टीम शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे लखनऊ से संभल पहुंची। टीम ने खग्गू सराय स्थित प्राचीन शिव मंदिर और इसके परिसर में स्थित प्राचीन कुएं की कार्बन डेटिंग के लिए नमूने लिए हैं। इसके अलावा शहर के अलग-अलग स्थानों पर स्थित कूप व तीर्थों का भी सर्वे किया। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि पुरातत्व निदेशालय के निदेशक को पत्र लिखा था। जिसमें बताया था कि संभल एक धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगर रहा है। ऐसी पौराणिक है कि यहां पर 68 तीर्थ, 19 कूप, 36 पुरे व 52 सराय हैं। अधिकारियों के भ्रमण के दौरान तीर्थ व कूप प्रकाश में आए हैं। ये तीर्थ व कूप धार्मिक और जल संरक्षण के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। चूंकि ये प्राचीन बताए जाते हैं। इसलिए इनका काल निर्धारण किया जाना धरोहर संरक्षण की दृष्टि से आवश्यक है। इसी क्रम में चार सदस्यीय टीम संभल पहुंची और सर्वे किया है। सुबह छह बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक सर्वे किया। टीम अपनी रिपोर्ट देगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एएसआई द्वारा इन कूप व तीर्थ स्थलों का सर्वे किया गया
1- चतुर्मुख ब्रहम कूप स्थित पानी की टंकी के पास, ग्राम आलम सराय, संभल।
2- अमृत कूप स्थित कूप मंदिर, दुर्गा कालोनी, संभल।
3- अशोक कूप स्थित मोहल्ला हल्लू सराय, संभल।
4- सप्तसागर कूप स्थित सर्थलेश्वर मंदिर, सरथल चौकी के पास, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
5- बलि कूप स्थित पुरानी तहसील के पास, कूचे वाली गली, संभल।
6- धर्म कूप स्थित हयातनगर, संभल।
7- ऋषिकेश कूप स्थित शिव मंदिर, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
8- परासर कूप स्थित कल्कि मंदिर के पास, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
9- अकर्ममोचन कूप स्थित संभल कोतवाली के सामने, मोहल्ला ठेर संभल।
10- धरणि बाराह कूप स्थित जामा मस्जिद चौकी के नीचे, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
11- भद्रका आश्रम तीर्थ, होज भदेसरा, संभल।
12- स्वर्गदीप तीर्थ/सती मठ, स्थित गांव जलालपुर मोहम्मदाबाद, संभल।
13- चक्रपाणि तीर्थ, गांव जलालपुर मोहम्मदाबाद, संभल।
14- प्राचीन कूप स्थित एक रात वाली मस्जिद के पास, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
15- प्राचीन कूप स्थित जामा मस्जिद परिसर, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
16- प्राचीन कूप स्थित बाल विद्या मंदिर के सामने, मोहल्ला चमन सराय, संभल।
17- प्राचीन कूप स्थित न्यारियों वाली मस्जिद, मोहल्ला खग्गू सराय, संभल।
18- प्राचीन कूप स्थित गद्दियों वाला मोहल्ला, कोट पूर्वी, संभल।
19- प्राचीन कूप स्थित सेठों वाली गली, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
20- प्राचीन कूप स्थित एजेंटी चौराहे के पास, मोहल्ला डूंगर सराय, संभल।
21- प्राचीन मंदिर व कूप स्थित मोहल्ला खग्गू सराय, संभल।
22- प्राचीन तीर्थ / शमशान / मंदिर, आर्य कोल्ड स्टोर के पास, अजीजपुर असदपुर, संभल।
संभल का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। 19 कूप और पांच तीर्थों का एएसआई की टीम ने सर्वे किया है। यह सर्वे करीब 9 घंटे तक चला है। यदि टीम को फिर से सहयोग चाहिए होगा तो फिर से सर्वे करा दिया जाएगा। अभी तक जो भी सर्वे टीम ने किया है, उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार होगी। उस रिपोर्ट की जानकारी के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल