नियमितीकरण की मांग को लेकर आशा बहुओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने के बाद नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों के पहिए थम गए। पुलिस ने आशाओं को समझाकर जाम खुलवाया।
आशा बहुएं तीन दिन से कलक्ट्रेट पर अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठी थीं। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे आशा-बहुओं ने जिला-प्रशासन व सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट पवर प्रदर्शन करने के बाद हाईवे पर जाम लगा दिया।
मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आशा बहुओं के जाम लगाने की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उनसे जाम न लगाने को कहा, लेकिन वे नहीं मानीं। दोपहर ढाई बजे करीब पहुंचे थानाध्यक्ष प्रवीन सोलंकी ने आशा-बहुओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। इस बीच आधा घंटे तक एनएच पर दोनों ओर वाहनों के पहिए थमे रहे। रोडवेज बसों समेत कई ट्रक व बड़े-छोटे वाहन फंसे रहे। आशाओं में संतोष कुमारी, प्रमिला, ममता रानी, पुष्पा, शर्मिष्ठा शर्मा, रानी देवी, ज्योति देवी, अनीता व मोबीना आदि आशाएं मौजूद रहीं।