संभल। 30 अक्तूबर से पांच नवंबर के बीच घर से निकलकर दिल्ली, अलीगढ़, आगरा या फिर संभल जिले से होकर गुजरना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। क्योंकि जिले में इस अवधि में रूट का डायवर्जन रहेगा। जिसे 30 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से लागू किया जाएगा। पांच नवंबर को मेला की समाप्ति तक यह डायवर्जन लागू रहेगा। इसके लिए जिले में नौ प्वाइंट बनाए गए हैं। हालांकि इस अवधि में गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के सभी वाहनों को छूट रहेगी, वह संबंधित गंगाघाट तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
मालूम हो कि कार्तिक गंगा मेला को लेकर संभल समेत आसपास के जिलों में सड़कों पर भीड़ बढ़ गई है। सीमावर्ती जिला अमरोहा के तिगरी गंगाधाम और बुलंदशहर जिले के अनूपशहर में गंगा मेलों का आयोजन किया गया है। संभल के सिसौना डांडा में भी मेला लगा है। इस सबके दृष्टिगत जिला प्रशासन ने जिले में रूट प्लान और रूट डायवर्जन तय किया है। पूरे जिले में नौ डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। इन्हीं प्वाइंट पर मौजूद रहने वाले यातायात और पुलिस कर्मी वाहनों का रूट डायवर्जन कराएंगे। जिला प्रशासन ने इसे जारी कर दिया है।