चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुन्नी में प्रेम प्रसंग में बाधक बने पति की हत्या कर ग्राइंडर से शव के टुकड़े कर गंगा और नाले में फेंकने के सनसनीखेज मामले में बृहस्पतिवार को अदालत में सुनवाई होगी।
मामला 18 नवंबर 2025 का है। मोहल्ला चुन्नी निवासी महिला रूबी ने कोतवाली चंदौसी में अपने पति राहुल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दर्ज एफआईआर के मुताबिक, रूबी के गौरव नाम के युवक से प्रेम संबंध थे। 18 नवंबर 2025 की रात राहुल ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
इस पर रूबी और गौरव ने लोहे की रॉड मारकर राहुल की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने दीवार काटने वाले ग्राइंडर से शव के टुकड़े कर राजघाट स्थित गंगा और नाले में बहा दिए। 15 दिसंबर 2025 को खुलासे के बाद 20 दिसंबर को रूबी और उसके प्रेमी गौरव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने बताया कि मुकदमे की सुनवाई जनपद न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह के न्यायालय में चल रही है। बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी। इससे पहले 20 जुलाई को रूबी की जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है।